अल्मोड़ानवीनतम

कसार देवी के होमस्टे में दिल्ली के पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। नगर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसार देवी स्थित एक होमस्टे में दिल्ली निवासी 39 वर्षीय पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पर्यटक का शव सुबह कमरे के अंदर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरे को सील कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया पुलिस मौत की वजह बीमारी मान रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव, ईस्ट दिल्ली निवासी संजय तालुकदार ने बीती 10 अक्टूबर को कसार देवी स्थित एक होमस्टे में एक माह के प्रवास के लिए कमरा किराये पर लिया था। होमस्टे संचालक के मुताबिक, यहां पहुंचने के समय उनका स्वास्थ्य सामान्य था, लेकिन बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो संचालक को अनहोनी की आशंका हुई। कमरे में जाकर देखने पर संजय मृत अवस्था में मिले।

Ad

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील कर दिया। शव को बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।

बताया जा रहा है कि संजय के लिवर का पूर्व में ऑपरेशन हुआ था। पुलिस प्रारंभिक तौर पर बीमारी के कारण मौत होने की आशंका जता रही है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। एनटीडी चौकी प्रभारी दिनेश परिहार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन अल्मोड़ा के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ad