उत्तराखण्डनवीनतमहरिद्वार

हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर योगी आदित्यनाथ की मां का अंतिम संस्कार, छोटे बेटे महेंद्र ने दी मुखाग्नि

ख़बर शेयर करें -

अंतिम विदाई में उत्तराखंड और यूपी के मंत्री, विधायक, राजनीतिक नेता व साधु-संत पहुंचे

भीड़ का दबाव बढ़ने पर सीएम धामी खुद संभालने लगे व्यवस्था, लोगों के बीच पहुंचकर बनवाया रास्ता

Ad

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के दौरान योगी आदित्यनाथ के छोटे भाई महेंद्र ने मुखाग्नि दी। इस दौरान उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई मंत्री, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और साधु-संत मौजूद रहे।

सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग हरिद्वार पहुंचे। नमामि गंगे घाट पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों व वीवीआईपी की मौजूदगी के चलते सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटने से व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

भीड़ के बीच खुद व्यवस्था संभालने लगे सीएम धामी

अंतिम संस्कार के दौरान घाट पर भीड़ का दबाव बढ़ने से व्यवस्थाएं प्रभावित होने लगीं। ऐसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी सक्रिय नजर आए। उन्होंने भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए खुद मोर्चा संभाल लिया। मुख्यमंत्री धामी लोगों के बीच पहुंचकर रास्ता बनवाते और व्यवस्थाओं को सुचारू करने में जुटे दिखाई दिए। वीवीआईपी मौजूदगी और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बीच मुख्यमंत्री का खुद व्यवस्था संभालना चर्चा का विषय रहा। नमामि गंगे घाट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से परिवार, पैतृक गांव पंचूर और परिचितों में शोक का माहौल है।

Ad