उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

सड़क किनारे खड़ी कार का अचानक खुला गेट बना मौत की वजह, स्कूटी सवार की गई जान

ख़बर शेयर करें -

दिनेशपुर में हादसे से मचा हड़कंप, कार के गेट से टकराकर सड़क पर गिरा स्कूटी सवार; अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

दिनेशपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में एक छोटी सी लापरवाही ने एक व्यक्ति की जान ले ली। सड़क किनारे खड़ी कार का अचानक गेट खुलने से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार व्यक्ति उससे टकराकर सड़क पर गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Ad

जानकारी के अनुसार, दिनेशपुर के तीननगर वार्ड नंबर-1 निवासी जगदीश हालदार पुत्र स्वर्गीय योगेश हालदार सोमवार देर शाम इलेक्ट्रिक स्कूटी से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान दिनेशपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक कार का अचानक गेट खुल गया। सामने अचानक गेट आने से उनकी स्कूटी उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जगदीश स्कूटी समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर उनके बेटे दीपक भी अस्पताल पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद जगदीश को मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे दीपक के अनुसार, परिवार की ओर से हादसे की सूचना पुलिस को दी जाएगी। जगदीश हालदार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

Ad