उत्तरकाशी में आग का तांडव! सिलिंडर धमाकों से दहला पवाणी गांव, 30 मकान जलकर राख; बेघर हुए कई परिवार, जनहानि टली
मोरी ब्लॉक के दुर्गम गांव में शाम 5 बजे लगी आग, 5 से 6 गैस सिलिंडरों में हुए धमाके; गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड हो गया। एक भवन में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 30 लकड़ी के भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान 5 से 6 रसोई गैस सिलिंडरों में विस्फोट होने की जानकारी सामने आई है। अग्निकांड में कई परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे गांव के एक भवन में अचानक आग लग गई। शुरुआत में ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान रसोई गैस सिलिंडर फटने से आग और भड़क गई। ग्रामीण यश पंवार के मुताबिक, सिलिंडरों में हुए विस्फोट के बाद आग की लपटें तेजी से आसपास के मकानों तक पहुंच गईं। लकड़ी से बने भवन होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया और कुछ ही समय में करीब 30 भवन जलकर राख हो गए।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, सामान तक नहीं बचा पाए परिवार
आग की भयावहता को देखते हुए गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने तथा लपटों को अन्य भवनों तक फैलने से रोकने में जुट गए। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि कई परिवारों को घरों से जरूरी सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के सामने अब आवास और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
दुर्गम रास्तों के चलते राहत टीमों को पहुंचने में परेशानी
प्रशासन की ओर से जारी एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों को गांव के लिए रवाना किया गया। पवाणी गांव मोरी से करीब 40 से 50 किलोमीटर दूर स्थित है। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और मोबाइल नेटवर्क की कमजोर स्थिति के चलते राहत दलों को घटनास्थल तक पहुंचने और संपर्क स्थापित करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शाम 7 बजे तक दमकल विभाग की टीम गांव नहीं पहुंच पाई थी और ग्रामीण ही आग बुझाने में जुटे थे।
तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि पवाणी गांव में आग लगने की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। टीम से मौके की स्थिति और अग्निकांड से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद प्रभावित परिवारों और भवनों को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा।
फिलहाल आग लगने के शुरुआती कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सिलिंडरों में विस्फोट के बाद आग ने विकराल रूप लिया। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी। करीब 30 भवनों के जलने से पवाणी गांव के कई परिवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

