प्रयागराज में हादसे का शिकार हुए लोहाघाट के व्यापारी जगदीश खर्कवाल, नगर में शोक
बागेश्वर धाम जा रहे थे व्यापारी, रेलवे पटरी के पास मिला शव; आधार कार्ड से हुई शिनाख्त
लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट के मीना बाजार के प्रतिष्ठित व्यापारी जगदीश खर्कवाल की प्रयागराज में हादसे में मौत हो गई। उनका शव प्रयागराज से करीब 500 मीटर दूर रेलवे पटरी के पास पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका है कि वह चलती ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। वह बागेश्वर धाम जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज में रेलवे पटरी के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड और जनरल डिब्बे का टिकट मिला। आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान लोहाघाट के मीना बाजार निवासी जगदीश खर्कवाल के रूप में हुई। इसके बाद प्रयागराज पुलिस ने लोहाघाट पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। लोहाघाट थाने के उप निरीक्षक कुंदन बोरा ने बताया कि आधार कार्ड में दर्ज पते के आधार पर प्रयागराज पुलिस ने संपर्क किया था। मृतक की शिनाख्त जगदीश खर्कवाल के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
प्रयागराज पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि जगदीश खर्कवाल चलती ट्रेन से नीचे गिर गए होंगे। घटना की जांच की जा रही है। व्यापारी जगदीश खर्कवाल के आकस्मिक निधन की खबर से लोहाघाट क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर नगर के व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख जताया है।

