उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

टनकपुर-बागेश्वर और बागेश्वर-कर्णप्रयाग मार्गों के चौड़ीकरण की तैयारी, 2027-28 में स्वीकृति का लक्ष्य

ख़बर शेयर करें -

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री धामी को पत्र लिखकर दी राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास कार्यों की जानकारी

चम्पावत। उत्तराखण्ड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण और विकास कार्यों की प्रगति से राज्य सरकार को अवगत कराया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर प्रदेश में चल रहे और प्रस्तावित सड़क विकास कार्यों की जानकारी दी है।

Ad

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सितंबर 2026 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग एवं ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजनाओं के अंतर्गत प्रस्तावित स्केप टनलों को दो लेन मोटर वाहन यातायात के अनुकूल बनाए जाने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के इसी अनुरोध के क्रम में केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति का ब्यौरा साझा किया है।

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के अंतर्गत टनकपुर से जौलजीबी तक 183 किलोमीटर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। चम्पावत बाईपास (10 किमी.) का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि लोहाघाट और पिथौरागढ़ बाईपास को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-109K के तहत जौलजीबी से बागेश्वर तक करीब 190 किलोमीटर मार्ग में जौलजीबी से बंगापानी (29 किमी.) तक का कार्य स्वीकृत हो चुका है। वहीं, बंगापानी से बागेश्वर तक शेष करीब 160 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण की डीपीआर तैयार कर ली गई है। इसे वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य है। इसी तरह बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक 108 किलोमीटर मार्ग के दो लेन चौड़ीकरण की डीपीआर भी पूरी हो चुकी है। इस परियोजना को भी वर्ष 2027-28 में स्वीकृत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के अंतर्गत ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक 143 किलोमीटर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। उत्तरकाशी से गंगोत्री तक 100 किलोमीटर मार्ग में 14 किलोमीटर का कार्य स्वीकृत है, जबकि शेष 86 किलोमीटर के कार्य को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने की योजना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दिशा में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं मिलने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और सामरिक दृष्टि से भी प्रदेश को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।

Ad