नवीनतमपिथौरागढ़हादसा

बाइक सवारों पर गिरे भारी बोल्डर, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

ख़बर शेयर करें -

बुगडियार के पास सुबह 9:30 बजे हुआ हादसा, काम पर जा रहे थे दोनों युवक; सिर में गंभीर चोट लगने पर घायल हायर सेंटर रेफर

पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ के मुनस्यारी-जौहार मोटर मार्ग पर मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बुगडियार के पास पहाड़ी से अचानक गिरे भारी पत्थरों और बोल्डरों की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

Ad

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुनस्यारी के साईंपोलो गांव निवासी भुवन कुमार (26) पुत्र नरी राम और प्रदीप कुमार पुत्र चंद्र राम मजदूरी करते थे। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे दोनों बाइक से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान बुगडियार के पास ऊपरी पहाड़ी से अचानक पत्थर और भारी बोल्डर दरककर सड़क पर आ गिरे। दोनों युवक इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने पर एक युवक ने तोड़ा दम

हादसे की सूचना पर सीमा सड़क संगठन (BRO) के जवान और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. गौरव कुमार ने भुवन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रदीप कुमार के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी मुनस्यारी डॉ. ललित मोहन तिवारी, उपनिरीक्षक प्रदीप कोहली और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए शव का पंचनामा भरने की प्रक्रिया की। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। साईंपोलो गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। पहाड़ी मार्गों पर लगातार हो रही पत्थर गिरने और भूस्खलन की घटनाओं ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।

Ad