उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

उत्तराखंड : 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

ख़बर शेयर करें -

सीएम धामी ने अधिकारियों को दी नसीहत, बोले- भूमि संबंधी मामलों का संवेदनशीलता और समयबद्धता से करें निस्तारण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उनकी सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

Ad

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता से निस्तारण किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को प्रत्येक मामले का निस्तारण करते समय संबंधित परिवारों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना चाहिए। तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनने के साथ ही आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार जल्द राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। प्रदेश सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है। अधिकारियों को इसे अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाते हुए नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं की मेहनत व भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को इस सोच के साथ काम करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिकतम लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन लोगों के प्रति अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही है। कार्यक्रम में सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Ad