उधमसिंह नगरनवीनतमसामाजिक

खटीमा : बचपन की यादों में खोए सीएम धामी, झनकईया मेले में जलेबी-पकौड़ी का किया जिक्र

ख़बर शेयर करें -

सीएम धामी ने किया ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ, शारदा कॉरिडोर से संवरेगा मेला घाट

झनकईया मेले को मिलेगी नई पहचान, शारदा कॉरिडोर से बनेंगे दो घाट, काला पुल घाट निर्माण और मंदिरों के सौंदर्यीकरण की घोषणा

Ad

खटीमा। भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। मां शारदा नदी के तट पर पूजा-अर्चना कर मुख्यमंत्री ने मेले की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने मेले से जुड़ी अपने बचपन की यादें साझा करते हुए इसे भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि झनकईया मेले से उनकी बचपन की अनगिनत यादें जुड़ी हैं। बचपन में पूरे साल इस मेले का इंतजार रहता था। मेले की रौनक, चहल-पहल, जलेबी, पकौड़ी और सिंघाड़े का स्वाद तथा अपनों के साथ बिताए पल आज भी उनकी स्मृतियों में बसे हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों का प्रतीक है। इसमें थारू जनजाति सहित विभिन्न समाजों की विशेष भागीदारी रहती है।

शारदा कॉरिडोर से विकसित होंगे घाट और मंदिर

मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया मेला घाट और काला पुल घाट के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही वन शक्ति मंदिर सहित आसपास के मंदिरों के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और मेले को भविष्य में और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा सकेगा।

सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, विपक्ष पर साधा निशाना

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और रोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया गंगा स्नान मेला हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Ad