चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत के स्वाला गांव में यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के प्रवेश पर रोक

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। विकासखंड चम्पावत की स्वाला ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने गांव को “भूतिया गांव” बताकर प्रचारित किए जाने का विरोध करते हुए बड़ा फैसला लिया है। ग्राम पंचायत ने बिना अनुमति न्यूज चैनलों, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स और रील बनाने वाले व्यक्तियों के गांव में प्रवेश पर रोक लगा दी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने अपने सोशल मीडिया चैनलों और यूट्यूब प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वाला गांव को “भूतिया गांव” के रूप में प्रचारित किया, जिससे गांव की छवि को नुकसान पहुंचा है। उनका कहना है कि गांव की वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है और इस तरह की भ्रामक सामग्री से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं।

Ad Ad

ग्राम प्रधान ललिता देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब बिना पूर्व अनुमति कोई भी बाहरी व्यक्ति गांव में वीडियो शूटिंग, कंटेंट निर्माण या रिपोर्टिंग के उद्देश्य से प्रवेश नहीं कर सकेगा। यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति गांव में प्रवेश करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगा दिया है, जिसमें बिना अनुमति गांव में प्रवेश न करने की चेतावनी दी गई है। ग्राम प्रधान ललिता देवी ने बताया कि स्वाला गांव में बिजली, पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद कुछ न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गांव को “भूतिया गांव” बताकर गलत और भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई, जो पूरी तरह असत्य है। उन्होंने कहा कि गांव की प्रतिष्ठा और सम्मान की रक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है।