मेला देखने आ रहे युवकों की बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत; दूसरा गंभीर
खटीमा के टेड़ाघाट के पास हुआ दर्दनाक हादसा, घायल युवक हायर सेंटर रेफर
खटीमा/उधमसिंह नगर। नानकमत्ता मेला देखने आ रहे बाइक सवार दो युवकों को पीलीभीत रोड पर टेड़ाघाट के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के ललौरीखेड़ा क्षेत्र के जहानाबाद स्थित शिवपुरिया नहर कोठी निवासी 29 वर्षीय धीरज उर्फ मनोज कुमार पुत्र रमेश कुमार गुप्ता अपने गांव के साथी अनुज पुत्र मदन लाल के साथ सोमवार देर रात बाइक से नानकमत्ता मेला देखने आ रहे थे।
बताया जा रहा है कि टेड़ाघाट के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने धीरज उर्फ मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अनुज को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस अज्ञात वाहन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

