टनकपुर : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चन्दी प्रसाद की पुण्यतिथि जन चेतना दिवस के रूप में मनाई, दी श्रद्धांजलि
पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा- शिक्षा, सामाजिक समानता और नगर विकास में चन्दी प्रसाद का योगदान सदैव रहेगा स्मरणीय
टनकपुर/चम्पावत। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं नगर के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय चन्दी प्रसाद की पुण्यतिथि पर मंगलवार, 10 नवंबर को भारतीय जन चेतना परिषद की ओर से प्रार्थना सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनकी पुण्यतिथि को जन चेतना दिवस के रूप में मनाते हुए उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके सामाजिक, शैक्षिक एवं नगर विकास में दिए गए योगदान को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त राजकीय अध्यापक पूरन लाल गंगवार ने चन्दी प्रसाद के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा कि चन्दी प्रसाद ने टाउन एरिया एवं नोटिफाइड एरिया के अध्यक्ष के रूप में नगर के विकास, शिक्षा के प्रचार-प्रसार और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


उन्होंने कहा कि चन्दी प्रसाद ने प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए। गरीब, मजदूर, शोषित, वंचित एवं दलित वर्ग के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष अविस्मरणीय है। उन्होंने समाज के पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी उल्लेखनीय कार्य किया। नेहरू पार्क, महात्मा गांधी प्राथमिक विद्यालय, जल संस्थान परिसर, पुरानी पानी की टंकी, नगर के चौड़े फुटपाथ एवं शास्त्री पार्क सहित कई स्थान उनके दूरदर्शी विकास कार्यों की याद दिलाते हैं।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जन चेतना परिषद प्रतिवर्ष उनकी पुण्यतिथि को जन चेतना दिवस के रूप में मनाती है। इसका उद्देश्य समाज में शिक्षा, जागरूकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से चन्दी प्रसाद के आदर्शों को आत्मसात कर समाज एवं जरूरतमंदों की भलाई के लिए कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व सभासद भगवत सरन, पूर्णागिरी बार एसोसिएशन के संरक्षक एवं अधिवक्ता विनोद प्रकाश, पूर्व कर्मचारी नेता नवल किशोर, लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार एवं सुशील कुमार ने भी विचार व्यक्त किए और चन्दी प्रसाद के सामाजिक योगदान को याद किया।

प्रार्थना सभा में लाल बहादुर, उमा शंकर गंगवार, दीनानाथ गंगवार, फिरोज अंसारी, राजेश कुमार, फरद अली, रमेश निषाद, मुकेश कश्यप, मुरली मनोहर, अजय कुमार, संजय सक्सेना, अनिल यादव, अनूप सिंह यादव, सरदार मनमोहन सिंह, केदार दत्त जोशी, सौरभ गुप्ता, विमला यादव, संगीता, सपना एवं जमुना महर सहित अन्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन नारायण वाल्मीकि ने किया। समापन पर रामधुन गाकर स्वर्गीय चन्दी प्रसाद को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

