चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त धनराशि दिए जाने सहित अन्य मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कार्यकत्रियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने नियमानुसार हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि शासन स्तर से संबंधित मांगों को उचित स्तर पर भेजा जाएगा, ताकि उन पर आवश्यक विचार किया जा सके।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों पर सोलर लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही क्षतिग्रस्त केंद्रों की मरम्मत और अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता से कराया जा रहा है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन से संबंधित एसआईआर कार्य में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही केंद्रों के संचालन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किए जाने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से संवाद कर उनके सुझाव लेने तथा केंद्रों से जुड़े आवश्यक और महत्वपूर्ण कार्यों को चिन्हित कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ किया जाए।

इस दौरान प्रभारी सीडीओ अजय सिंह, एडीएम केएन गोस्वामी, डीपीओ महिला एवं बाल विकास पीसी बृजवाल सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सेविका और मिनी कर्मचारी मौजूद रहे।