चंपावतटनकपुरनवीनतम

चम्पावत : सिटी ड्रेनेज प्लान को ₹65.65 करोड़ तथा सहायक धारा उपचार के लिए ₹3.39 करोड़ की स्वीकृति

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण एवं जल संरक्षण को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री धामी द्वारा शारदा घाट परियोजना के अंतर्गत सिटी ड्रेनेज प्लान (फेज–1) के निर्माण हेतु ₹65.65 करोड़ की योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन से शहरी जल निकासी व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा, जिससे जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान, स्वच्छता स्तर में वृद्धि तथा पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत में सहायक नदी/धारा उपचार (कालसन भोलेश्वर) के अंतर्गत समग्र जल संरक्षण, जल संवर्द्धन एवं मृदा संरक्षण/पुनरोद्धार कार्यों हेतु ₹3.39 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान की है। यह स्वीकृति जलागम प्रबंधन के अंतर्गत दी गई है, जिससे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पुनर्जीवन को बढ़ावा मिलेगा। इन महत्वपूर्ण स्वीकृतियों से जनपद में शहरी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, जल संसाधनों का संरक्षण तथा समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। यह निर्णय चम्पावत के संतुलित, सतत एवं समग्र विकास की दिशा में एक सशक्त और दूरदर्शी कदम सिद्ध होगा।