चम्पावत में वृहद् स्वच्छता अभियान: नगर पालिका सभागार में संगोष्ठी का आयोजन, लाभार्थियों को दिलाई स्वच्छता शपथ
चम्पावत। शहरी विकास निदेशालय और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जनपद की समस्त नगर निकायों में स्वच्छता से संबंधित वृहद् जन-जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज (16 जून) नगर पालिका परिषद, चम्पावत के सभागार में एक विशेष स्वच्छता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद चम्पावत की अध्यक्षा प्रेमा पाण्डेय द्वारा की गई।

घर पर ही चार प्रकार से करें कूड़े का पृथक्कीकरण
संगोष्ठी के दौरान नगर पालिका परिषद चम्पावत के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने उपस्थित नागरिकों और प्रतिनिधियों को स्वच्छता के तकनीकी और व्यावहारिक पक्षों की जानकारी दी। उन्होंने अपशिष्ट संग्रहण को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए शहरवासियों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और शहर की सफाई के लिए हर नागरिक को अपने घर पर ही कूड़े को चार अलग-अलग प्रकार के अपशिष्टों (सूखा, गीला, हानिकारक और घरेलू जैव-चिकित्सा अपशिष्ट) में अलग-अलग संग्रहित करना चाहिए। ऐसा करने से कूड़े के निस्तारण में आसानी होगी। चम्पावत नगर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के संकल्प के साथ पालिकाध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण में विशेष रूप से ‘पीएम स्वनिधि योजना’ के लाभार्थियों और विभिन्न सरकारी विभागों से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और शहर को स्वच्छ रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में ये रहे उपस्थितइस महत्वपूर्ण जन-जागरूकता कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पालिका कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर सभासद प्रेमा चिल्कोटी, मणिप्रभा तिवारी, बबीता प्रहरी, गीता अधिकारी, नन्दन सिंह तड़ागी, सभासद प्रतिनिधि सनी वर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा सिटी मिशन मैनेजर महेश चौहान सहित नगर पालिका परिषद चम्पावत के समस्त कार्यालय कर्मचारी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

