पूर्णागिरि दर्शन कर लौट रही यूपी की नाबालिग ने टनकपुर अस्पताल में दिया मृत शिशु को जन्म, जीरो एफआईआर दर्ज
टनकपुर/चम्पावत। प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम से दर्शन कर लौट रही उत्तर प्रदेश की एक नाबालिग बालिका से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यात्रा से वापसी के दौरान नाबालिग को अचानक प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद उसने उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में एक अविकसित शिशु को जन्म दिया। शिशु की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत से अपने परिजनों के साथ पूर्णागिरि धाम आई नाबालिग बालिका की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसके पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे तत्काल टनकपुर के उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। अस्पताल की महिला चिकित्सा अधिकारी और अन्य महिला स्टाफ ने तुरंत नाबालिग का उपचार शुरू किया। इसी दौरान नाबालिग ने छह माह के एक अविकसित शिशु को जन्म दिया। अविकसित होने के कारण शिशु की जन्म के तुरंत बाद ही मौत हो गई। महिला चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएनए (DNA) जांच के लिए नमूना सुरक्षित रख लिया गया है। अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना तत्काल टनकपुर कोतवाली पुलिस को दी गई। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई। टनकपुर कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि घटना से जुड़ा मूल मामला उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत का है। चूंकि घटनास्थल और पीड़िता अस्थाई रूप से टनकपुर में थी, इसलिए कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए टनकपुर कोतवाली में तत्काल ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस एफआईआर को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए उत्तर प्रदेश के संबंधित गृह जनपद के थाने को ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटे हैं।

