नवीनतमनैनीतालराजनीति

भाजपा प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट के सिर सजा हल्द्वानी मेयर का ताज, जश्न में डूबे कार्यकर्ता

Ad
ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी ने कुमाऊं के सबसे बड़े हल्द्वानी नगर निगम सीट पर फिर से अपना कब्जा जमाया है। नगर निगम हल्द्वानी के मेयर पद पर भाजपा के गजराज सिंह बिष्ट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के ललित जोशी को शिकस्त देते हुए जीत दर्ज की है। पहले राउंड से आखिरी राउंड तक गजराज ने बढ़त बनाई और अंतिम चरण में 3894 वोट से ललित को हराकर जीत अपने नाम की।

Ad

गौर हो कि गजराज सिंह बिष्ट को 71962 वोट और ललित जोशी को 68068 वोट मिले। देर रात आए परिणाम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी के सभी मतदाताओं को जीत की बधाई देते हुए कहा है कि मतदाताओं का प्यार और पार्टी हाईकमान और भाजपा कार्यकर्ताओं के बदौलत उन्होंने जीत दर्ज की है। भाजपा मेयर प्रत्याशी गजराज बिष्ट ने जनता का आभार जताते हुए कहा है कि हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र की जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, लोगों का एक एक वोट हल्द्वानी के चहुमुखी विकास में मील का पत्थर साबित होगा। कहा कि लोगों के भरोसे का मान सम्मान रखते हुए अपने संकल्प पत्र के कर्तव्य पथ पर स्वयं को साबित करूंगा, जो अब तक न हुआ वो कर दिखाएंगे।

गजराज सिंह बिष्ट की जीत के बाद समर्थकों ने फूल मालाओं से उन्हें लाद दिया और मतगणना स्थल पर जमकर जश्न मनाया। रिटर्निंग ऑफिसर एपी वाजपेयी ने गजराज सिंह बिष्ट को जीत का प्रमाण पत्र दिया। वहीं हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने ललित जोशी के हार के बाद कहा है कि जनता के दिए गए जनादेश को स्वीकार करते हैं। कांग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी ने इस चुनाव को बेहतर लड़ा है। कांग्रेस पार्टी ने ललित जोशी को पूरी निष्ठा के साथ लड़ाया था। हार जीत लोकतंत्र की परंपरा है। कांग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी आगे भी इसी तरह से जनता की सेवा करते रहेंगे।

23 जनवरी को हुए मतदान में नगर निगम क्षेत्र में 2 लाख 42 हजार 452 मतदाताओं में से 1 लाख 58 हजार 646 मतदाताओं ने वोट डाले थे। भाजपा प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट को पहले राउंड में 13,932 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के ललित जोशी को 12,769 मत प्राप्त हुए। दूसरे राउंड में गजराज को 13,269 व ललित को 14,092 वोट मिले। तीसरे राउंड में भाजपा ने फिर बढ़त बनाई और उसे 15,117 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 12,515 मत प्राप्त हुए। चौथे राउंड में गजराज को 14,727 व ललित को 11,572 वोट मिले। पांचवें राउंड में भाजपा को 12,341 और कांग्रेस को 15,202 वोट मिले। छठे व अंतिम राउंड में गजराज को 2,484 व ललित को 1,796 वोट मिले। छह राउंड की गणना के बाद गजराज ने इस चुनाव को 3894 मतों से जीत लिया। गजराज को मिले 71,962 वोटों में पोस्टल बैलेट भी शामिल रहे।

मतदाताओं को मेयर का कोई भी प्रत्याशी पसंद नहीं
नगर निगम क्षेत्र के 823 मतदाताओं को मेयर के लिए खड़े दस दावेदारों में से एक भी दावेदार पसंद नहीं आया और उन्होंने नोटा के स्थान पर मोहर लगाकर इन सभी प्रत्याशियों को खारिज कर दिया। पहले चरण में नोटा को 163, दूसरे में 185, तीसरे में 135, चौथे में 172, पांचवें में 126 और छठे चरण में 40 मतदाताओं ने नोटा का उपयोग किया। नोटा को कुल 823 वोट मिले।

6769 मत हुए रद्द
निगम के चुनाव में 6769 मत रद्द हुए हैं। पहले चरण में रद्द मतों की संख्या 1351 थी जबकी दूसरे चरण में 1099 वोट रद्द हुए। वोट रद्द होने का सिलसिला थमने के बजाए बढ़ता गया। तीसरे राउंड में 1192 व चौथे चरण में 1512 वोट रद्द हुए। पांचवें में 1457 व छठे चरण में रद्द मतों की संख्या 145 रही।