लोहाघाट में दलित टैक्सी चालक से मारपीट और जूतों की माला पहनाने के मामले में चार पर मुकदमा दर्ज
चम्पावत। लोहाघाट चम्पावत एनएच पर कुछ टैक्सी चालकों ने डुंगराबोरा निवासी एक अनुसूचित वर्ग के टैक्सी चालक प्रेम राम के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने चालक पर सवारियों से दिल्ली का किराया कम लेने का आरोप लगाते हुए अभद्रता की, उसके गले में जूतों की माला पहनाई और उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। मामले को लेकर अब पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

मालूम हो कि बुधवार दोपहर को हुई इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पीड़ित चालक और उसका परिवार गहरे सदमे और भय में है। पीड़ित चालक ने बताया कि जब वह सवारी लेकर दिल्ली जा रहा था, तभी अन्य वाहन चालकों ने उसे रास्ते में घेर लिया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।इस घटना को लेकर पीड़ित के परिजनों, ग्रामीणों और अनुसूचित जाति के लोगों में भारी आक्रोश है। मूल निवासी संघ के जिलाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग लोहाघाट थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर थाना अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने पीड़ित प्रेम राम की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों वीरेंद्र सिंह, सोहन सिंह, हरीश सिंह बोहरा और मोहन चंद के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और जांच में दोषी पाए जाने वाले अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित के पिता नैन राम व अन्य ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे।
इस दौरान कनिष्ठ प्रमुख प्रकाश चंद्रा, तीलू रौतेली पुरस्कार विजेता सीमा देवी, ईश्वर राम, आयुष, रोशन लाल संजय भारती, सूरज कुमार, भुवन बहादुर, दीपक कुमार, बृजेश विश्वकर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे लोगों में कनिष्ठ उप प्रमुख प्रकाश चंद्रा, तीलू रौतेली पुरस्कार विजेता सीमा देवी, ईश्वर राम, आयुष, रोशन लाल, संजय भारती, सूरज कुमार, भुवन बहादुर, दीपक कुमार, बृजेश विश्वकर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा सहित कई लोग शामिल रहे।

