लोहाघाट के नैतिक करायत राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में करेंगे उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व
अंडर-17 एसजीएफआई राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन, पहले भी अंडर-14 वर्ग में प्रदेश का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व
लोहाघाट/चम्पावत। चम्पावत जिले के लोहाघाट निवासी युवा फुटबॉलर नैतिक करायत अंडर-17 एसजीएफआई राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ मंडल में किया जाएगा। नैतिक की उपलब्धि से लोहाघाट सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
नैतिक वर्ष 2025 में अंडर-14 वर्ग में भी उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह दिल्ली एफसी की उस टीम का हिस्सा रहे हैं, जिसने दिल्ली यूथ लीग में उपविजेता का स्थान हासिल किया था। इसके अलावा वह आरएसए कप जीतने वाली टीम से भी जुड़े रहे हैं और कई मुकाबलों में मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। नैतिक का लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर भारतीय फुटबॉल टीम में जगह बनाना है। उनकी इस उपलब्धि पर खेलप्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

