चम्पावत में शुक्रवार को भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
30 अक्टूबर को आकाशीय बिजली और 50 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं की चेतावनी, डीएम ने विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश
चम्पावत। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को जनपद चम्पावत में कहीं-कहीं भारी बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। मौसम की चेतावनी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार जनपद में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है।
ठूलीगाड़ मार्ग पर विशेष निगरानी
जिलाधिकारी ने आईआरएस के तहत नामित सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोनिवि, पीएमजीएसवाई और एनपीसीसी के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि बारिश के कारण सड़कें बाधित होने पर तत्काल मार्ग खुलवाने की व्यवस्था करें। विशेष रूप से ठूलीगाड़ मोटर मार्ग पर निगरानी रखने को कहा गया है।
सभी तहसीलदारों और पटवारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस थानों और चौकियों को भी आपदा प्रबंधन उपकरणों और आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ तैयार रहने को कहा गया है। जिला सूचना अधिकारी को मौसम चेतावनी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की अपील, खराब मौसम में यात्रा से बचें
जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके।
आपदा या दुर्घटना की सूचना इन नंबरों पर दी जा सकती है:
- जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र: 05965-230819, 05965-230703
- टोल फ्री नंबर: 1077
- मोबाइल नंबर: 9917384226, 7895318895
प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की है।

