चम्पावत : भगीनाखेत के भोलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण को 25 लाख मंजूर
सीएम धामी की घोषणा पर शासन की मुहर, ग्रामीण निर्माण विभाग करेगा कार्य
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मटेला के राजस्व ग्राम भगीनाखेत स्थित भोलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए शासन ने 25 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इससे मंदिर परिसर को बेहतर बनाने के साथ श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। स्वीकृत कार्य का क्रियान्वयन ग्रामीण निर्माण विभाग, चम्पावत द्वारा किया जाएगा। चालू वित्तीय वर्ष के लिए स्वीकृत धनराशि जिलाधिकारी के निवर्तन पर रखी गई है। मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
शासनादेश में कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभाग को कार्यदायी संस्था के साथ निर्धारित प्रारूप में एमओयू करने तथा प्रत्येक तीन माह में प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय के घोषणा अनुभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया है। कार्यस्थल पर स्थायी सूचना बोर्ड लगाना भी अनिवार्य किया गया है। इस पर मुख्यमंत्री घोषणा का विवरण, स्वीकृत लागत, कार्य शुरू होने और पूरा होने की तिथि सहित कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार की जानकारी अंकित की जाएगी।

