देहरादून में ₹14 लाख की डकैती का CCTV फुटेज आया सामने, स्कूटी से टक्कर मारकर शुरू किया था विवाद; गुप्तकाशी से दो और गिरफ्तार
दिनदहाड़े कार सवारों को घेरकर मारपीट के बाद नकदी से भरा बैग ले उड़े थे आरोपी, अब तक सात गिरफ्तार; ₹3.02 लाख बरामद
देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की डकैती की सनसनीखेज वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में आरोपी पहले स्कूटी से टक्कर करवाकर विवाद शुरू करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद कार सवार लोगों के साथ मारपीट कर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो जाते हैं। वहीं, मामले में दून पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत को रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ जमीन के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले विवाद किया और फिर मारपीट कर कार की पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 9 नवंबर को सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस ने सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत को गुप्तकाशी से दबोच लिया है। पुलिस के अनुसार, सिद्धांत बडोनी के कब्जे से डकैती की रकम के 40 हजार रुपये और दीपक सिंह शेखावत से 42 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इस तरह सातों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब तक कुल 3 लाख 2 हजार रुपये बरामद किए जा चुके हैं। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में मामले में लूट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन आरोपियों की संख्या पांच से अधिक होने के चलते अब इसमें डकैती की धाराएं भी शामिल की गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज ने खोली वारदात की परतें
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वारदात को अंजाम देने का तरीका दिखाई दे रहा है। आरोपी पहले स्कूटी से टक्कर करवाकर विवाद खड़ा करते हैं और फिर कार सवारों को घेरकर उनके साथ मारपीट करते हैं। इसके बाद नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो जाते हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार एवं फरार आरोपी हिंदू संगठनों से जुड़े हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

