चम्पावत: ₹62.33 करोड़ की सिटी सेंटर परियोजना का निर्माण कार्य शुरू, ‘आदर्श चम्पावत’ को मिलेगी नई पहचान
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ गया है। चम्पावत शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सर्वसुविधायुक्त स्वरूप देने के उद्देश्य से ₹62.33 करोड़ की लागत से बनने वाली बहुप्रतीक्षित सिटी सेंटर परियोजना का निर्माण कार्य स्थल सर्वेक्षण के साथ औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। इस परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा गत 29 जुलाई को किया गया था।


जिलाधिकारी मनीष कुमार ने परियोजना के निर्माण कार्य को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के अनुरूप यह सिटी सेंटर भविष्य में जिले का प्रमुख आकर्षण केंद्र और विकास का मॉडल बनेगा। इसलिए निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
परियोजना की तकनीकी जानकारी देते हुए सीएनडीएस के अधिशासी अभियंता गिरीश चंद्र पंत ने बताया कि सिटी सेंटर को आम नागरिकों एवं पर्यटकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। यहां एक ही परिसर में आधुनिक व्यावसायिक दुकानें, सुव्यवस्थित पार्किंग, फूड कोर्ट तथा विभिन्न सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे शहर की आधारभूत सुविधाओं को नया आयाम मिलेगा।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए आधुनिक तकनीकों के साथ अतिरिक्त कार्यबल लगाया जा रहा है तथा पूरी परियोजना की नियमित निगरानी भी की जाएगी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक भी उपस्थित रहे।

