क्राइमनवीनतमनैनीताल

हल्द्वानी में हनीट्रैप का बड़ा मामला: स्टोन क्रशर कारोबारी ने सात लोगों पर लगाया 7 करोड़ ऐंठने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज

ख़बर शेयर करें -

पांच करोड़ नकद और दो करोड़ के चार प्लॉट हड़पने का आरोप, निजी वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का दावा

हल्द्वानी। निजी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी, दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने का डर और करोड़ों रुपये की कथित वसूली। हल्द्वानी में स्टोन क्रशर कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर करीब सात करोड़ रुपये की नकदी और संपत्ति हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कारोबारी ने एक महिला समेत सात लोगों पर सुनियोजित तरीके से ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ad

कारोबारी की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने करीब पांच करोड़ रुपये नकद और अलग-अलग माध्यमों से वसूले, जबकि लगभग दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट भी अपने और करीबियों के नाम करा लिए। इसके अलावा एक कार और स्कूटी लेने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने ज्योति, मोहम्मद मुश्ताक समेत सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, धमकी और आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पूजा के बहाने घर बुलाया, नशीला प्रसाद देकर वीडियो बनाने का आरोप

शिकायतकर्ता ने पूरे घटनाक्रम की शुरुआत वर्ष 2015 से बताई है। उसके अनुसार, इसी दौरान ज्योति सिंह एक व्यक्ति के साथ उसके स्टोन क्रशर पर पहुंची थी। महिला ने मुकदमे में फंसे होने और आर्थिक परेशानी का हवाला देकर मदद मांगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच परिचय बढ़ गया।
कारोबारी का आरोप है कि एक दिन महिला ने उसे पूजा के बहाने अपने घर बुलाया और प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद कथित तौर पर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो बना लिए गए। आरोप है कि इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को बाद में ब्लैकमेलिंग का हथियार बनाया गया।

2016 में 45 लाख देने का दावा, 2022 में फिर शुरू हुआ कथित खेल

कारोबारी के मुताबिक, निजी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे रुपये मांगे जाने लगे। परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर चिंतित कारोबारी ने वर्ष 2016 में कथित तौर पर 45 लाख रुपये दिए। इसके बाद वर्ष 2022 तक दोनों के बीच संपर्क नहीं रहा।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2022 में महिला ने दोबारा संपर्क किया और अपनी बेटी होने की बात बताई। इसके बाद फिर से पैसों और संपत्ति की मांग शुरू हो गई। कारोबारी ने मोहम्मद मुश्ताक समेत अन्य लोगों पर भी इस कथित साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।

चेक और आरटीजीएस से भुगतान दिखाकर नकदी लेने का आरोप

इस मामले का सबसे अहम पहलू करोड़ों रुपये के कथित लेनदेन और संपत्तियों की रजिस्ट्री से जुड़ा है। कारोबारी का आरोप है कि हल्द्वानी में चार प्लॉट अपने, महिला की बेटी और एक अन्य साथी के नाम कराए गए। इनकी बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है।
शिकायत के अनुसार, रजिस्ट्री के दौरान लेनदेन को वैध दिखाने के लिए चेक और आरटीजीएस का इस्तेमाल किया जाता था। कथित तौर पर पहले कारोबारी से नकदी ली जाती, फिर रजिस्ट्री के समय चेक के जरिए भुगतान दिखाया जाता और वही रकम आरटीजीएस के माध्यम से उसके खाते में वापस भेज दी जाती थी। इसके बाद उससे दोबारा नकदी ले ली जाती थी।

कारोबारी ने इसी तरह करीब पांच करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली किए जाने का दावा किया है। इसके अलावा आरके टेंट हाउस रोड पर मकान खरीदने के नाम पर 30 लाख और हीरा नगर में मकान के लिए 60 लाख रुपये लेने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में महिला पर 30 प्रतिशत प्रतिदिन ब्याज मांगने का आरोप भी लगाया गया है।

भाई के घर पहुंचकर धमकाने का आरोप

कारोबारी के मुताबिक, पांच नवंबर को ज्योति काठगोदाम के हाईडिल गेट स्थित उसके छोटे भाई के घर पहुंची और रुपयों की मांग करने लगी। कारोबारी ने आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने और तबीयत खराब होने की बात कही तो विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि इसके बाद महिला ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कारोबारी को हत्या कराने और निजी तस्वीरें व वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी गई। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस से संपर्क कर अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।

सात आरोपियों पर मुकदमा, पुलिस खंगालेगी करोड़ों के लेनदेन का हिसाब

पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर की रात कारोबारी की शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दीपक सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब चारों प्लॉटों की रजिस्ट्री, संपत्ति के दस्तावेज, बैंक खातों में हुए लेनदेन और नकदी से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता ने महिला पर पूर्व में भी ब्लैकमेलिंग के मामले में जेल जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस पुराने मामले की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल सात करोड़ रुपये की कथित वसूली का मामला पुलिस विवेचना के अधीन है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस के सामने अब कथित हनीट्रैप की पूरी कड़ी, करोड़ों रुपये के लेनदेन और चार प्लॉटों की रजिस्ट्री से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की चुनौती है।

Ad