योगी से मिले धामी, बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा उठाया
झनकैया पुल और सूखा पुल समेत जर्जर पुलों के सुदृढ़ीकरण व पुनर्निर्माण पर भी चर्चा, परिसंपत्ति विवादों के समाधान पर बनी सहमति
लखनऊ/देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। बैठक में दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग समेत विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान और पूर्व में हुए समझौतों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने चम्पावत जिले से जुड़े बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने झनकैया पुल और सूखा पुल समेत सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने व जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण का विषय भी रखा। इन कार्यों को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर की मरम्मत और संबंधित पुलों का सुदृढ़ीकरण स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन की सुविधा और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरी है। इन कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों और किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।
बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों के निस्तारण पर भी चर्चा हुई। पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के अनुरूप प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष प्रकरणों का समयबद्ध समाधान करने पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्ति संबंधी मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आपसी सहयोग और निरंतर समन्वय से लंबित विषयों का जल्द समाधान होगा।

