चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

धामी सरकार पर बरसीं कुमारी सैलजा, बोलीं- भ्रष्टाचार में डूबी सरकार के जाने का वक्त आ गया

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट की जनसभा में भाजपा पर तीखे हमले, यशपाल आर्य ने जमीन-जंगल बेचने तो प्रीतम सिंह ने अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआईपी को बचाने का लगाया आरोप

लोहाघाट/चम्पावत। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी सैलजा ने लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में भाजपा की धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश सरकार को भ्रष्टाचार में डूबी सरकार करार देते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और अब इसके सत्ता से जाने का वक्त आ गया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का हाथ मजबूत कर भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया।

Ad

कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बड़े-बड़े प्रोजेक्टों के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग किया जा रहा है और जनता के पैसे से अपनी जेबें भरने का काम हो रहा है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि इन मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में करीब दो हजार विद्यालय बंद होने और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस को इस बदलाव की आवाज बनना होगा।

भाजपा सरकार को हटाना प्रदेश हित में जरूरी: यशपाल आर्य

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश को बचाने के लिए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश की जमीन और जंगलों को बेचने का काम कर रही है। वहीं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि रोजगार की आस लगाए बैठे युवाओं को लगातार निराशा हाथ लग रही है और परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

अंकिता भंडारी प्रकरण पर प्रीतम सिंह ने उठाए सवाल

प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर मामले में कथित वीआईपी को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस प्रकरण को लेकर सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए।

विधायक अधिकारी ने गिनाए विकास कार्य

लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का ब्योरा जनता के सामने रखा और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने धारचूला विधायक हरीश धामी की सराहना करते हुए उन्हें ‘बबर शेर’ बताया। साथ ही जनसभा में पहुंचे वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया। वक्ताओं ने पार्टी की मजबूती के लिए आपसी एकजुटता बनाए रखने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन प्रकाश सिंह मेहरा और भुवन चौबे ने किया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष पूरन कठायत, रंजीत सिंह रावत, भागीरथ भट्ट, विकास, मोहन सिंह ढेक, शैलेंद्र राय, विजय माहरा, प्रहलाद सिंह अधिकारी, महेश भट्ट, मनोज सामंत, अशोक सिंह माहरा, शंकर सिंह अधिकारी, सक्षम अधिकारी, डॉ. अमर सिंह कोटियाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ad