लोहाघाट : भीषण सड़क हादसे में घायल हुए बच्चों व उनकी मां को हल्द्वानी रेफर किया
लोहाघाट/चम्पावत। हल्द्वानी से जोरासी जा रही एक टाटा पंच कार लोहाघाट-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंतोली के पास अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में वाहन स्वामी व सीआरपीएफ (CRPF) के जवान बलदेव कुमार और उनके जेठू राजेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी, उनकी बेटी अक्षिता और बेटा आरव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से गहरी खाई में उतरकर शानदार रेस्क्यू अभियान चलाया। तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

लोहाघाट अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी की देखरेख में चिकित्सा स्टाफ ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डॉ. राठी के अनुसार, दोनों बच्चों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और मां के पैर में फ्रैक्चर है। तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों की सहमति से उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े और इस भीषण दुर्घटना पर गहरा दुख जताया। हादसे में घायल नीतू देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि उन्होंने अपने पति और बड़े भाई दोनों को खो दिया है।
बताया जा रहा है कि उन्होंने 4 जून को ही यह नई कार खरीदी थी। नीतू देवी की गंभीर हालत को देखते हुए फिलहाल उन्हें पति और भाई की मौत की खबर नहीं दी गई है। दुर्घटना के बाद मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर दिया गया है और परिजनों के पहुंचते ही शव उन्हें सौंप दिए जाएंगे। इस रेस्क्यू और राहत कार्य में सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, डीएम चम्पावत ने सभी संबंधित अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार देने के निर्देश दिए हैं और वे खुद पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। इस दुखद घटना से पूरे लोहाघाट क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


