उत्तराखण्डनवीनतमराजनीति

कांग्रेस नेत्री अनुकृति गुसाईं ने थामा बीजेपी का दामन, जिला पंचायत अध्यक्ष रेणु गंगवार व सुरेश गंगवार भी भाजपा में हुए शामिल

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। लोकसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड में मतदान हो गया है। बावजूद इसके भाजपा का कुनबा बढ़ता ही जा रहा है। कांग्रेस छोड़ने वाले नेता अब भी भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं। उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता हरक सिंह रावत की पुत्रवधु अनुकृति गुसाईं ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। अनुकृति के साथ उनके कई समर्थकों ने भी भाजपा ज्वाइन की।

बता दें कि उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। चुनाव प्रचार के दाैरान अनुकृति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का समर्थन किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा था कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही देश विश्व की तीसरी महाशक्ति बन सकता है। मैंने हमेशा उत्तराखंड को विकसित राज्य बनने का सपना देखा। ये सपना मोदीजी के नेतृत्व में साकार हो सकता है। तब से कयास लगाए जा रहे थे कि वह जल्द ही भाजपा में शामि हो सकती हैं। वहीं, आज उन्होंने देहरादून में भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। अनुकृति गुसाईं मिस इंडिया भी रह चुकी हैं। वह पहाड़ की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लंबे समय से काम कर रही हैं। अनुकृति पिछले विधानसभा चुनाव में लैंसडोन सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं। उन्हें भाजपा के दिलीप रावत ने हराया था। इसके बाद से अनुकृति कांग्रेस में खास सक्रिय नजर नहीं आ रहीं थीं।


वहीं कांग्रेस से उधमसिंह नगर की जिला पंचायत अध्यक्ष रेणु गंगवार व सुरेश गंगवार ने भी भाजपा का दामन थामा है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी पटका पहनाकर सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता ने दिल खोलकर पीएम मोदी के पक्ष में मतदान किया है। जनता मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का निर्माण चाहती है। मोदी सरकार के 10 वर्ष का कार्यकाल देखकर अपनी मोहर लगाई है। 4 जून को नरेंद्र मोदी के 400 पार की माला में 5 कमल उत्तराखंड के भी शामिल होंगे। विपक्षी दलों के नेता ने पहले ही हार स्वीकार करके वोटिंग केंद्र तक जाने की भी जहमत तक नहीं उठाई। 85 वर्ष से उपर के मतदाताओं का मतदान भी सरकार की और से बढ़ चढ़कर करवाया गया है।