काकड़ के पूर्व सरपंच व प्रगतिशील कृषक चंद्र सिंह अधिकारी का निधन
बाराकोट/चम्पावत। विकासखंड बाराकोट के ग्राम काकड़ निवासी पूर्व सरपंच एवं प्रगतिशील कृषक चंद्र सिंह अधिकारी का शनिवार को निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।
चंद्र सिंह अधिकारी गांव के दो बार सरपंच रहे। ग्रामीण विकास और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही। वह कृषि के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहे और प्रगतिशील कृषक के रूप में क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में वह बढ़-चढ़कर भागीदारी करते थे।
उनका अंतिम संस्कार रामेश्वर घाट पर किया गया, जहां परिजनों, रिश्तेदारों, ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। चंद्र सिंह अधिकारी भाजपा बाराकोट मंडल के पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह अधिकारी ‘रिंकू’ के ताऊ थे। उनके निधन पर भाजपा नेताओं समेत विभिन्न संगठनों और क्षेत्रवासियों ने शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

