चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : कामाज्यूला में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप, एक की मौत; चालक गंभीर

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। तहसील बाराकोट के कामाज्यूला क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार जीत सिंह अधिकारी (58) की मौत हो गई, जबकि चालक नारायण सिंह अधिकारी (36) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों रैघाव, तहसील बाराकोट के निवासी बताए गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव दलों को मौके के लिए रवाना किया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) चम्पावत को पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से पिकअप वाहन संख्या UA03CA4351 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना पर उपजिलाधिकारी लोहाघाट, तहसीलदार बाराकोट के साथ पुलिस, राजस्व विभाग, फायर टीम, 108 एंबुलेंस और चिकित्सा विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

Ad Ad

दुर्गम एवं गहरी खाई में वाहन गिरने के कारण रेस्क्यू टीमों को दोनों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहत-बचाव दल ने अभियान चलाकर दोनों को खाई से बाहर निकाला। हादसे में जीत सिंह अधिकारी पुत्र धर्म सिंह अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नारायण सिंह अधिकारी पुत्र दिनेश सिंह अधिकारी को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया।

उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में चिकित्सा अधीक्षक डा. विराज राठी के नेतृत्व में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। टीम में डा. रविंद्र बोहरा, डा. करन बिष्ट, डा. बसीम सहित नर्सिंग अधिकारी नीतू, खुशबू, भास्कर गड़कोटी और दीपक बिष्ट शामिल रहे। प्राथमिक उपचार के बाद घायल की स्थिति को देखते हुए उसे सिटी स्कैन समेत अन्य आवश्यक जांचों के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल चम्पावत रेफर किया गया।

हादसे के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य के साथ ही घायल को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया गया। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।