छात्रसंघ चुनाव को लेकर चम्पावत पुलिस अलर्ट, एसपी रेखा यादव ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश
29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए संवेदनशील कॉलेजों में बढ़ाई जाएगी सुरक्षा
चम्पावत। जिले में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए चम्पावत पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पुलिस अधिकारियों और चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एसपी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील शिक्षण संस्थानों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रत्याशियों, छात्र संगठनों और छात्र नेताओं के साथ समन्वय बनाकर चुनाव नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। पुलिस को छात्रों के विभिन्न गुटों और संभावित उपद्रवियों की पहचान कर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। हॉस्टल, कॉलेज कैंपस, प्रवेश द्वार, पार्किंग समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी। भड़काऊ पोस्ट, अफवाह और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मतदान और मतगणना के दौरान अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण रखने के साथ कॉलेज प्रशासन से लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। चुनाव परिणाम के बाद विजय जुलूस, नारेबाजी, आतिशबाजी और संभावित विवादों को देखते हुए भी पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला छात्राओं की सुरक्षा को लेकर महिला पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। चम्पावत पुलिस ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष छात्रसंघ चुनाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रखने की बात कही है।

