फेसबुक कमेंट से भड़का विवाद, कोटद्वार में ‘मोहम्मद दीपक’ गिरफ्तार; कपड़ा कारोबारी को धमकाने का आरोप
उज्जैन मस्जिद विवाद पर सोशल मीडिया बहस के बाद दुकान पहुंचने का आरोप, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
कोटद्वार/पौड़ी। उत्तराखंड के कोटद्वार में ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चित जिम संचालक दीपक कुमार को पुलिस ने एक कपड़ा व्यापारी के साथ कथित गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह विवाद सोशल मीडिया पर उज्जैन की एक मस्जिद से जुड़े मामले को लेकर हुई बहस और फेसबुक कमेंट्स के बाद शुरू हुआ।

मिली जानकारी के मुताबिक, फेसबुक पर हुई टिप्पणी से नाराज होकर दीपक कुमार के कोटद्वार के गंगा दत्त जोशी मार्ग स्थित एक कपड़े की दुकान पर पहुंचने का आरोप है। यहां उन्होंने दुकानदार संजीव टांक के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। बताया गया है कि दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना रिकॉर्ड हुई है।
शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
मामले में पीड़ित व्यापारी संजीव टांक की तहरीर पर कोटद्वार पुलिस ने कार्रवाई की। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए शांति भंग होने की आशंका के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत भी कदम उठाया और दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस के दुकान तक पहुंचने और उसके बाद पुलिस कार्रवाई होने से यह मामला चर्चा में है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही निकलेगा।
पौड़ी पुलिस के मुताबिक, मामले में कोतवाली कोटद्वार में धारा 351(2), 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। विवेचना के दौरान मिले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 196 एवं 115 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई। आरोपी दीपक उर्फ मोहम्मद दीपक को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है।
व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली परिसर में दिया धरना
उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया और महामंत्री नवीन गोयल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंच गए। व्यापारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली परिसर में धरना शुरू कर दिया।
पुलिस के आश्वासन पर माने व्यापारी, धरना प्रदर्शन किया समाप्त: मामले की जानकारी मिलने पर कोटद्वार एएसपी मनोज ठाकुर भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त किया। हालांकि, उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होंगे। पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

