गांधी जयंती पर चम्पावत में दौड़े खिलाड़ी, शंकर नाथ और ऊषा भंडारी ने मारी बाजी
क्रॉस कंट्री में अंडर-15 बालक वर्ग की 5 किमी दौड़ में आरुष सिंह रहे अव्वल, तीन वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
चम्पावत। गांधी जयंती और सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय चम्पावत में क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य और जिलाधिकारी मनीष कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के तहत बालक अंडर-15, महिला ओपन और पुरुष ओपन वर्ग में मुकाबले हुए।




प्रतियोगिता का शुभारंभ और समापन विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी तथा ज्येष्ठ प्रमुख भुवन चंद्र पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी बबीता बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
बालक अंडर-15 वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ में आरुष सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। अनुज बोहरा दूसरे और राजीव सिंह तीसरे स्थान पर रहे। राहुल सिंह चौथे, हर्षित बिष्ट पांचवें और तन्मय छठे स्थान पर रहे। महिला ओपन वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ में ऊषा भंडारी ने बाजी मारी। लक्ष्मी रावत दूसरे और हिमानी रंसवाल तीसरे स्थान पर रहीं। दीपिका ने चौथा, निक्की पाण्डेय ने पांचवां और बबीता बिष्ट ने छठा स्थान प्राप्त किया। पुरुष ओपन वर्ग की 10 किलोमीटर दौड़ में शंकर नाथ ने प्रथम स्थान हासिल किया। अशोक रावत दूसरे और प्रकाश सिंह तीसरे स्थान पर रहे। रोहित सिंह चौथे, पंकज सिंह पांचवें और प्रमोद छठे स्थान पर रहे।
समापन अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी बबीता बिष्ट ने विजेता एवं अन्य प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने विभागीय खेल योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से आगामी जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भागीदारी करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में स्वास्थ्य, पुलिस और शिक्षा विभाग का सहयोग रहा। शिक्षा विभाग की ओर से जिला खेल समन्वयक प्रदीप बोरा सहित अमित वर्मा, मुकेश वर्मा और मुकेश टम्टा ने व्यवस्थाएं संभालीं। खेल विभाग से नितिन तड़ागी, कृष्ण कुमार, प्रकाश सिंह, निखिलेश गहतोड़ी, सुनील जोशी, कमल सिंह, राजेंद्र जोशी और मुन्ना राय सहित स्थानीय खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

