लोहाघाट अस्पताल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, ऑक्सीजन प्लांट जल्द होगा चालू
हर 15 दिन में चलेगा विशेष सफाई अभियान, तीमारदारों के लिए रैन बसेरे और गर्म पेयजल की व्यवस्था के निर्देश
लोहाघाट/चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को शीघ्र चालू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा उपयोग में नहीं आ रहे भवनों को दुरुस्त कर इस्तेमाल में लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में किए गए निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका को प्रत्येक 15 दिन में विशेष सफाई अभियान चलाकर अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, अस्पताल प्रशासन को वार्डों और अन्य आंतरिक हिस्सों में नियमित सफाई कराने को कहा। उन्होंने मरीजों के तीमारदारों की सुविधा के लिए रैन बसेरे और गर्म पेयजल की व्यवस्था कराने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित ऑपरेशन थिएटर और प्रसव कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। प्रसव कक्ष में नवजात शिशु को गोद में लेकर उसे शुभाशीष भी दिया।


डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों पर जनसुविधा से जुड़े स्थलों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के सभी उपजिलाधिकारियों को जिला एवं उप जिला चिकित्सालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान डॉ. विराज राठी और डॉ. मानसी राठी उपस्थित रहे।

