चंपावतटनकपुरनवीनतमहादसा

टनकपुर नगर पालिका की तीसरी मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

ख़बर शेयर करें -

निर्माणाधीन सभागार में सफाई के दौरान हुआ हादसा, 22 वर्षीय अनूप ने अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम; मुआवजे की प्रक्रिया शुरू

टनकपुर। नगर पालिका परिषद टनकपुर में निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अनूप वर्मा पुत्र राजेंद्र कुमार, निवासी नायकगोठ, टनकपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नगर पालिका परिसर में निर्माणाधीन सभागार की तीसरी मंजिल पर सफाई कार्य के दौरान अनूप अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। वह नगर पालिका कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग उसे तत्काल उप जिला चिकित्सालय टनकपुर ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. प्रिंस माहेश्वरी ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Ad

पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा के अनुसार, तीसरी मंजिल पर लिंटर पड़ने के कुछ दिन बाद वहां सफाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। चिकित्सक डॉ. प्रिंस माहेश्वरी ने बताया कि युवक के सिर और छाती में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौत हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

सीओ निहारिका सेमवाल ने बताया कि उपनिरीक्षक सुखपाल सिंह द्वारा शव का पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों से वार्ता की जा रही है। घटना के संबंध में वैधानिक कार्रवाई के साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Ad