उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

रुद्रपुर में शराबियों का खूनी तांडव, हंगामा रोकने पर सिक्योरिटी गार्ड की चाकू मारकर हत्या

ख़बर शेयर करें -

भांजे समेत तीन अन्य लोगों पर भी किया हमला, अस्पताल में गार्ड ने तोड़ा दम; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

रुद्रपुर। शहर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को रोकना एक सिक्योरिटी गार्ड को भारी पड़ गया। विवाद के दौरान युवकों ने चाकू से हमला कर 50 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भांजे राहुल समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, लीलाधर गुरुवार शाम निजी कंपनी में ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर के पास कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। युवकों को रोकने पर उन्होंने पहले राहुल के साथ मारपीट की और बाद में मौके पर पहुंचे लीलाधर पर चाकू से हमला कर दिया।

Ad

आरोपियों ने राहुल के अलावा रामअवतार और अनुज पर भी चाकू से वार किए। हमले में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार जारी है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद रेशमबाड़ी क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Ad