हाईकोर्ट के नए परिसर पर संशय खत्म: हल्द्वानी के लामाचौड़ में बेलबाबा मंदिर के पास बनेगा नया कॉम्प्लेक्स
हल्द्वानी। उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए परिसर के स्थान को लेकर चल रही सभी अटकलों पर शुक्रवार को विराम लग गया। न्याय विभाग ने संशोधित प्रेस नोट जारी कर स्पष्ट किया है कि हाईकोर्ट का नया परिसर हल्द्वानी के तराई पूर्वी वन प्रभाग, रुद्रपुर की भाखड़ा रेंज स्थित लामाचौड़ क्षेत्र में बेलबाबा मंदिर के पास विकसित किया जाएगा। विभाग ने यह भी स्वीकार किया कि पहले जारी प्रेस नोट में गोलापार का उल्लेख त्रुटिवश हो गया था, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई थी।
न्याय विभाग के अनुसार, 31 मई 2023 को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में उत्तराखंड हाईकोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया था। उस समय हाईकोर्ट परिसर के लिए 26.08 हेक्टेयर वन भूमि चिह्नित की गई थी। हालांकि, बाद में हाईकोर्ट की ओर से जिलाधिकारी नैनीताल की स्थल निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर अधिक भूमि की आवश्यकता बताई गई।

इसके बाद तराई पूर्वी वन प्रभाग की भाखड़ा रेंज के लामाचौड़ ब्लॉक स्थित प्लॉट संख्या 46 एवं 47 का निरीक्षण किया गया। बेलबाबा मंदिर के निकट स्थित इस क्षेत्र में कुल 73 हेक्टेयर वन भूमि उपलब्ध है। सरकार ने वर्तमान आवश्यकता को देखते हुए इसमें से 40 हेक्टेयर भूमि हाईकोर्ट परिसर के निर्माण के लिए हस्तांतरित करने का निर्णय लिया है।
न्याय विभाग ने बताया कि मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिससे नए हाईकोर्ट परिसर के निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। प्रस्तावित परिसर में आधुनिक न्यायिक अवसंरचना, न्यायालय भवन, न्यायाधीशों के आवास, अधिवक्ता चैंबर, प्रशासनिक कार्यालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सरकार ने संशोधित प्रेस नोट के माध्यम से यह भी स्पष्ट किया है कि पहले जारी सूचना में गोलापार का उल्लेख केवल त्रुटिवश हुआ था। वास्तविक प्रस्तावित स्थान रामपुर रोड स्थित बेलबाबा मंदिर के निकट लामाचौड़ क्षेत्र ही है, जहां भविष्य में उत्तराखंड हाईकोर्ट का नया और आधुनिक परिसर विकसित किया जाएगा।


