चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से चम्पावत में स्वरोजगार और उद्यमिता को मिलेगी नई रफ्तार

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) के तहत शुक्रवार को चम्पावत में राज्य/जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। देहरादून के मुख्य सेवा सदन से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योजना का शुभारंभ किया, जिसका विकास भवन सभागार चम्पावत में वर्चुअल माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया।

विकास भवन सभागार में दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय की उपस्थिति और मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती की अध्यक्षता में MUY चौपाल आयोजित हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन वर्चुअल माध्यम से सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना गांव-गांव में उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।

Ad Ad

महिला उद्यमियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में चम्पावत की महिला उद्यमियों हेमा उपाध्याय, लक्ष्मी जोशी और कंचन देवी सहित राज्य की अन्य महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं, जनपद में उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लक्षिता जोशी, अपर्णा पनेरू, देवेंद्र कुमार, निखिल अधिकारी, कलावती देवी, बबीता चौधरी, माया बिष्ट, शोभा तड़ागी और गीता देवी को उत्कृष्ट उद्यमी प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए गए।

आठ उद्यमियों को सब्सिडी के चेक

कार्यक्रम के दौरान आठ उद्यमियों को सब्सिडी राशि के चेक भी प्रदान किए गए। ओमप्रकाश जोशी, कुंवर सिंह, हरीश राय, राजेश सार्की, विक्रम सिंह भंडारी और भुवन चंद को 90-90 हजार रुपये, जबकि शिवदत्त पाटनी और तुलाराम को 30-30 हजार रुपये की सब्सिडी के चेक दिए गए।

चार विकासखंडों के गांवों तक पहुंचेगी IEC वैन

कार्यक्रम के दौरान आधुनिक एलईडी डिस्प्ले, ऑडियो-वीडियो प्रचार तंत्र और प्रचार सामग्री से सुसज्जित MUY IEC वैन को दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, मुकेश महराना, अन्य जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन 21 से 27 अगस्त 2026 तक चम्पावत जिले के चम्पावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट विकासखंडों के विभिन्न दूरस्थ गांवों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचेगी। IEC वैन के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना समेत विभिन्न स्वरोजगार एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इच्छुक लोगों को उद्यम स्थापना, प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग, बाजार से जुड़ाव और उद्यमी पंजीकरण के संबंध में मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए सहायता डेस्क

कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सहायता समूहों एवं युवाओं के लिए पंजीकरण डेस्क, उत्पाद एवं उद्यम प्रदर्शनी, रेखीय विभागों के मार्गदर्शन सत्र तथा बैंकिंग एवं ऋण सुविधा सहायता डेस्क स्थापित किए गए। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को एक ही स्थान पर उद्यमिता से जुड़ी आवश्यक जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, दायित्वधारी मनोज कालाकोटी, मुकेश महराना और रोहित बिष्ट, कैलाश अधिकारी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, उद्यमी और स्वयं सहायता समूहों के सदस्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से जिले के युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को उद्यमिता से जोड़ने की पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने और स्वरोजगार को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।