उत्तराखण्डनवीनतमनैनीतालहादसा

नैनीताल बस हादसे के हताहतों के परिजनों को सरकार देगी दस-दस लाख, घायलों को मिलेगा 2.5 लाख

Ad
ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में बुधवार 25 दिसंबर को हुए रोडवेज बस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में मरने वाले लोगों के परिजनों और घायलों के लिए सरकार ने मुआवजे की घोषणा की है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को ढ़ाई लाख रुपये देने की घोषणा की है। इसके अलावा सामान्य रूप से घायल हुए यात्रियों को 15 से 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

Ad

बता दें कि उत्तराखंड रोडवेज की बस अल्मोड़ा से हल्द्वानी आ रही थी, तभी बीच रास्ते में नैनीताल जिले के भीमताल इलाके में ओखल के पास बस गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे के वक्त बस में 25 लोग सवार थे। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

पुलिस-प्रशासन की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। वहीं 21 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस बस दुर्घटना में चार यात्रियों की मौत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपना शोक व्यक्त किया है। साथ ही घायलों के शीध्र स्वस्थ होने की कामना की है। इसके अलावा मुआवजे का भी ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के X अकाउंट से जो जानकारी शेयर की गई है, उसके मुताबिक मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से तीन लाख रुपये, उत्तराखंड परिवहन निगम दुर्घटना प्रतिकार राशि के तौर पर पांच लाख रुपये और सड़क सुरक्षा राहत कोष राशि से दो लाख रुपए दिए जाने का ऐलान किया है। यानी मृतकों के परिजनों को कुल दस-दस लाख रुपये मुआवजे के तौर पर दिए जाएंगे।

इसके अलावा गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उत्तराखंड परिवहन निगम दुर्घटना प्रतिकार राशि के तौर पर 2.5 लाख और सड़क सुरक्षा राहत कोष से 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। यानी गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कुल तीन लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा सामान्य रूप से घायल यात्रियों को उत्तराखंड परिवहन निगम दुर्घटना प्रतिकार राशि से पांच हजार और सड़क सुरक्षा राहत कोष से 10 से 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। यानी की एक व्यक्ति को कुल 15 से 25 हजार मिलेंगे।

Ad Ad Ad Ad