गूलर बस हादसा: घायलों का हाल जानने एम्स पहुंचे सीएम धामी, मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख की मदद
9 लोगों की मौत, 25 घायल; गंभीर घायलों को ₹1 लाख और सामान्य घायलों को ₹40 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा
देहरादून। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी जिले के गूलर घाटी के पास हुए भीषण बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घायलों का हाल जानने एम्स ऋषिकेश पहुंचे। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों को एम्स ऋषिकेश समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने एम्स में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था की गई है।

मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख का मुआवजा
मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को ₹2-₹2 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायलों को ₹1 लाख और सामान्य रूप से घायलों को ₹40 हजार तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल और आरटीओ देहरादून को प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश भी दिए हैं। फिलहाल एम्स ऋषिकेश सहित अन्य अस्पतालों में घायलों का उपचार जारी है।


