लोहाघाट अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच का साप्ताहिक रोस्टर जारी, तीनों ब्लॉकों के मरीजों को तय दिनों में मिलेगी सुविधा
लोहाघाट/चम्पावत। उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा को सुव्यवस्थित करने के लिए तीनों विकासखंडों के मरीजों का साप्ताहिक रोस्टर निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर लागू की गई इस व्यवस्था से पाटी, लोहाघाट और बाराकोट क्षेत्र से आने वाले मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक इंतजार से राहत मिलेगी।
चिकित्सा अधीक्षक की ओर से जारी रोस्टर के अनुसार पाटी विकासखंड के मरीजों के लिए सोमवार और मंगलवार, लोहाघाट के मरीजों के लिए बुधवार और गुरुवार तथा बाराकोट विकासखंड के मरीजों के लिए शुक्रवार और शनिवार का दिन निर्धारित किया गया है। मरीज अपने संबंधित विकासखंड के लिए तय दिवस पर अस्पताल पहुंचकर अल्ट्रासाउंड जांच करा सकेंगे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार रोस्टर व्यवस्था का उद्देश्य चिकित्सालय में मरीजों की भीड़ और जांच व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। इस व्यवस्था से दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और तीनों विकासखंडों के नागरिकों को अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा अधिक सुगमता से मिल सकेगी।

