मां के सामने युवक को घसीट ले गया बाघ, दो घंटे बाद जंगल में मिला शव
मवेशी चराने गए युवक पर बाघ का हमला, जंगल में घसीटकर ले गया; मौत से मचा कोहराम
रामनगर/नैनीताल। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे तराई पश्चिमी वन क्षेत्र में बाघ के हमले में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रामनगर के फाटो वन गुज्जर खत्ते में मवेशी चराने गए युवक पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया और उसे घसीटकर जंगल के अंदर ले गया। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक सर्च अभियान चलाने के बाद युवक का शव बरामद किया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, ढेला के फाटो वन गुज्जर खत्ता निवासी दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा (22) शनिवार को अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के पास सफारी मार्ग से अचानक निकले बाघ ने दिलशाद पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए जंगल के अंदर ले गया।
बेटे को बाघ द्वारा घसीटकर ले जाते देख मां और साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ जंगल में युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दिलशाद का शव बरामद हुआ। दिलशाद के मामा याकूब ने बताया कि युवक अपनी मां और चचेरे भाई के साथ डेरे से लगभग 200 मीटर की दूरी पर मवेशियों को चरा रहा था। इसी दौरान सफारी मार्ग से निकलकर बाघ ने तेजी से हमला किया और उसे घसीटकर जंगल में ले गया।
फाटो रेंज अधिकारी कृपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना उत्तरी फाटो बीट के कक्ष संख्या 43 में हुई। वन गुज्जर परिवार जंगल में मवेशियों को चराने गया था, तभी बाघ ने युवक पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कार्रवाई शुरू की। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिए जाने की कार्रवाई की जा रही है।

