हल्द्वानी : एसी का आउटडोर पैनल ठीक करते समय करंट की चपेट में आए पिता-बेटी, दोनों की मौत
हल्द्वानी। वनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार देर रात एसी का आउटडोर पैनल ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से पिता और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना के कारणों को लेकर स्थानीय लोगों और ऊर्जा निगम के अधिकारियों के बयानों में अंतर सामने आया है।


वनभूलपुरा के वार्ड छह, लाल मस्जिद निवासी 44 वर्षीय नदीम कार गैराज में काम करते थे। बताया गया कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह घर की छत पर एसी में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने गए थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। पिता की चीख सुनकर उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा उन्हें बचाने के लिए छत पर पहुंची। पिता को छूते ही वह भी करंट की चपेट में आ गई। परिजनों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घर के पास लगे बिजली के पोल में करंट उतरने के कारण यह हादसा हुआ। वहीं, ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी मनीष जोशी के अनुसार सूचना मिलते ही विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तकनीकी जांच में बिजली के पोल में करंट नहीं मिला। उनके मुताबिक प्रारंभिक जांच में छत पर रखे एसी के आउटडोर पैनल में खराबी के कारण करंट लगने की बात सामने आई है। कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया है कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

