उत्तराखण्डचमोलीनवीनतमहादसा

चमोली में हेलीकॉप्टर हादसा: पायलट समेत छह लोगों की मौत, माणा गांव से लौट रहे थे तीर्थयात्री

ख़बर शेयर करें -

चाई गांव और लामबगड़ के बीच जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हुआ ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर; सेना, आईटीबीपी और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान, दुर्गम क्षेत्र से शव निकालने की कार्रवाई

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक भीषण हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हाथी पर्वत के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा चाई गांव और लामबगड़ के बीच जंगल में हुआ।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ से उड़ान भरी थी। कुछ देर बाद हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। सेना के सिग्नल सेंटर की ओर से क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से धुआं उठने और तेजी से नीचे गिरने की सूचना दी गई थी। बाद में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि हुई। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। ज्योतिर्मठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही बचाव एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था। दुर्गम जंगल में दुर्घटनास्थल से मृतकों के शवों को सड़क तक पहुंचाने की कार्रवाई की गई।

मृतकों में एक पायलट और पांच यात्री शामिल

हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  1. कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48), निवासी दिल्ली (पायलट)।
  2. प्रतापा (41), निवासी कर्नाटक।
  3. अरुण सालुंके (44), निवासी कर्नाटक।
  4. वी.बी. शंकर गौड़ा (39), निवासी कर्नाटक।
  5. सुधीर के. (50), निवासी कर्नाटक।
  6. एच.एस. नटराजा (51), निवासी कर्नाटक।

माणा गांव घूमने के बाद लौट रहे थे यात्री

बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में सवार यात्री देश के प्रथम गांव माणा के भ्रमण के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बदरीनाथ से सहस्त्रधारा आते समय ज्योतिर्मठ क्षेत्र में यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं आपातकालीन लैंडिंग की घटनाएं

ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टरों से जुड़ी इससे पहले भी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कंपनी के हेलीकॉप्टरों की केदारनाथ मंदिर के पास और सेरसी हेलीपैड के निकट सड़क पर क्रैश लैंडिंग हुई थी। वहीं, कुछ दिन पहले इसी कंपनी के एक हेलीकॉप्टर को टिहरी जिले के चंबा के पास आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी थी। ताजा हादसे के बाद हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।