लोहाघाट : मंदिरों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चार मंदिरों की घटनाओं का खुलासा; शत-प्रतिशत सामान बरामद
लोहाघाट पुलिस ने 29 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों से दबोचे दोनों आरोपी, दानपात्र की नकदी समेत पीतल, तांबे और पीली धातु की सामग्री बरामद
लोहाघाट/चम्पावत। पुलिस ने लोहाघाट क्षेत्र में नवरात्र से पूर्व चार मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मंदिरों से चोरी की गई शत-प्रतिशत सामग्री बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान में मंदिरों की मूर्तियां, कलश, घंटियां, छत्र, दीपक और दानपात्र से चोरी की गई नकदी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश और सीओ देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष लोहाघाट ओमप्रकाश के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने कढ़ाई मंदिर कर्णकरायत, भूमिया मंदिर ग्राम मोत्यूराज, महादेव मंदिर ग्राम झलानदेव और इष्टदेव मंदिर ग्राम कालादेव में हुई चोरी के मामलों में मुकदमा संख्या 37/26 और 38/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ सुरागरसी-पतारसी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। पुलिस के अनुसार 29 अक्टूबर को अनुज सिंह फर्त्याल को टाककरायत तिराहे से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे तथा सचिन सिंह देव को बिसंग तिराहे पर लकड़ी के खोखे के पास से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी
- अनुज सिंह फर्त्याल (23), पुत्र भगवान सिंह फर्त्याल, निवासी ग्राम कलचौड़ा, थाना लोहाघाट।
- सचिन सिंह देव (25), पुत्र नवीन सिंह देव, निवासी ग्राम झलानदेव, पोस्ट कर्णकरायत, थाना लोहाघाट।
मंदिरों से चोरी हुआ सामान बरामद
पुलिस के अनुसार कढ़ाई मंदिर कर्णकरायत से पीली धातु के दो मोर, दो चेन, लोहे का मूसल, घंटियों की पांच लटकन, पीतल का दीपक, दो घंटियां, मां दुर्गा की मूर्ति, सफेद धातु का डिजाइनदार छत्र और पेचकस बरामद किया गया। भूमिया मंदिर मोत्यूराज के दानपात्र से चोरी किए गए 1,500 रुपये, महादेव मंदिर झलानदेव से तांबे के पांच कलश तथा इष्टदेव मंदिर कालादेव से तांबे के चार कलश और पीतल का भड्डू बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन सिंह बोरा, अपर उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह मेहरा, धर्मेंद्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल पूरन काम्बोज तथा कांस्टेबल संजीव राज, पवन भट्ट और विजेंद्र कुमार शामिल रहे। चम्पावत पुलिस ने आमजन से मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या डायल 112 पर देने की अपील की है।

