उत्तराखण्डचमोलीनवीनतमहादसा

चमोली में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत छह लोग थे सवार; बदरीनाथ से देहरादून लौटते समय हुआ हादसा

ख़बर शेयर करें -

जोशीमठ के चाई गांव के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ हेलीकॉप्टर; सेना, एसडीआरएफ और पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन, सभी यात्रियों के बारे में जुटाई जा रही जानकारी

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया है। बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के चाई गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सेना और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद जोशीमठ घाटी के ऊपर हाथी पर्वत क्षेत्र में हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद भारतीय सेना की ओर से जिला प्रशासन को हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना दी गई। हादसे का स्थान मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी क्षेत्र बताया गया है। यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन के अनुसार हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीमों ने भी तत्काल अभियान शुरू किया।

हेलीकॉप्टर में सवार लोगों के नाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा प्रताप, अरुण, शंकर, सुधीर और एमएस नागाराजा सवार थे। सभी यात्रियों के कर्नाटक के बेंगलुरु निवासी होने की जानकारी सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर चिंता जताते हुए कहा कि चाई गांव के निकट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते हुए गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक

हादसे के बाद एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर का कॉल साइन VT-HCX बताया गया है। यूकाडा के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर के स्वामित्व, संचालन और रखरखाव से जुड़ी अलग-अलग कंपनियां शामिल थीं। हेलीकॉप्टर का वास्तविक मालिक स्काई पल्स कंपनी बताया गया है, जबकि इसे चार्टर उड़ानों के लिए शिव भोले ट्रेवल मार्ट को दिया गया था। पायलट चिप्सन कंपनी के थे और रखरखाव की जिम्मेदारी शौर्य एयरोनॉटिक्स के पास थी। संचालन के लिए इस्तेमाल किए गए परमिट और संबंधित कंपनियों की भूमिका को लेकर भी तकनीकी जानकारी सामने आई है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों और यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।