भिंगराड़ा कानूनगो चौकी वायरल वीडियो प्रकरण: डीएम ने दिए जांच के आदेश, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
चौकी भवन में बिखरे सामान और मदिरा की बोतलें मिलने का दावा; एसडीएम पाटी ने किया निरीक्षण, प्रारंभिक जांच में शरारती तत्वों द्वारा तोड़फोड़ की बात आई सामने
चम्पावत। भिंगराड़ा क्षेत्र स्थित कानूनगो चौकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। वीडियो में चौकी कक्ष खुला होने, सामान बिखरा होने और मदिरा की बोतलें पड़े होने का दावा किया गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
डीएम के निर्देश पर उपजिलाधिकारी पाटी ने मौके पर पहुंचकर भवन का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित भवन काफी पुराना और जीर्ण-शीर्ण है तथा वर्तमान में यहां मरम्मत एवं जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। भवन में न तो कोई कार्मिक निवास करता है और न ही यहां नियमित रूप से कार्यालय संचालित होता है। प्रशासन की शुरुआती पड़ताल में यह भी सामने आया है कि पूर्व में कुछ अराजक तत्वों द्वारा भवन में तोड़फोड़ कर उसका दुरुपयोग किया गया है। वायरल वीडियो में दिखाई गईं फाइलों और दस्तावेजों को भी प्रशासन ने पुराने एवं अप्रचलित बताया है। अधिकारियों के अनुसार इन दस्तावेजों से संबंधित कार्य पहले ही पूरे हो चुके हैं।
जिलाधिकारी ने एसडीएम पाटी को पूरे प्रकरण की गहन जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और सरकारी कार्यालयों की गरिमा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है।

