शारदा नदी हादसा: तीन दिन बाद मिला एक युवक का शव, दूसरे की तलाश जारी
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर-पूर्णागिरी मार्ग स्थित बूम क्षेत्र में शारदा नदी में स्नान के दौरान डूबे दो चचेरे भाइयों में से एक का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे युवक की तलाश अब भी जारी है। SDRF, पीएसी और जल पुलिस की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं, लेकिन अभी तक दूसरे युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार, 22 जून की दोपहर करीब 2:45 बजे टनकपुर के वार्ड नंबर-3 निवासी नैतिक सक्सेना (18) पुत्र वीर बहादुर सक्सेना तथा तरूण सक्सेना (20) पुत्र बाबूराम सक्सेना बूम के पास शारदा नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान दोनों तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में डूब गए थे। घटना के बाद से SDRF, जल पुलिस और अन्य बचाव दल लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। गुरुवार सुबह तरूण सक्सेना का शव बूम क्षेत्र में शारदा नदी के किनारे बरामद हुआ। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
वहीं, दूसरे युवक नैतिक सक्सेना की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। तीन दिन बाद एक शव मिलने से जहां परिजनों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है, वहीं दूसरे युवक के परिजन अभी भी उसके मिलने की आस लगाए हुए हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

उधर, मृतक तरुण के पिता बाबूराम ने बताया कि तरुण अपने दोस्तों के साथ शारदा नदी में नहाने गया था, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि उनके चाचा का पुत्र नैतिक सक्सेना भी तरुण के साथ नदी में गया था, जिसकी तलाश अभी भी एसडीआरएफ, जल पुलिस और अन्य बचाव दलों द्वारा जारी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से शव की शिनाख्त की पुष्टि के लिए डीएनए जांच सहित पोस्टमार्टम की आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों के अनुसार तरुण अपने पीछे माता-पिता और दो भाइयों को छोड़ गया है। वह अपने पिता के साथ पारिवारिक व्यापार में हाथ बंटाता था। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

