उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरा वाहन, कई लोगों की मौत की सूचना
वाहन खाई में गिरने से 8 लोगों की मौत की सूचना

उत्तराखंड से इस वक्त की सबसे बड़ी एवं बेहद दुखद खबर टिहरी गढ़वाल जिले से सामने आ रही है, जहां थाना चम्बा क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है। चम्बा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल के पास एक मैक्स वाहन संख्या UK09TA/1799 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त मैक्स में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे में 7 से 8 लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। बताया गया है कि रेस्क्यू टीम द्वारा अब तक दो लोगों को खाई से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। घायल की पहचान उत्तम कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार, राहत कार्य को तेज़ करने के लिए एंबुलेंस भी तत्काल मौके पर भेजी गई हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
बताया जा रहा है कि वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। पहाड़ी सड़कों पर लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे एक बार फिर यात्रा के दौरान सतर्कता और वाहन नियंत्रण की अहमियत को रेखांकित करते हैं।बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोग घनसाली के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के रहने वाले थे, जो किसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने हरिद्वार गए थे और वापस आ रहे थे तभी वापिसी दौरान हादसा घटित हो गया।

