टिहरीनवीनतमहादसा

हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, बस और बुलेट की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत, एक गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली देवप्रयाग क्षेत्र के मूल्यागांव के पास कर्णप्रयाग की ओर जा रही एक रोडवेज बस और बुलेट मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:05 बजे बस संख्या UK11 PA 0316, जो कर्णप्रयाग की ओर जा रही थी, मूल्यागांव के समीप सामने से आ रही बुलेट बाइक (UK12 G 1916) से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सीधे बस के अगले हिस्से से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की रफ्तार इतनी अधिक थी कि बुलेट बाइक बस के अगले हिस्से (बोनट) को तोड़ते हुए उसमें फंस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Ad Ad

दुर्घटना में बाइक चला रहे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने घायल को तत्काल राजकीय वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी, देवप्रयाग पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल मृतक और घायल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और दोनों व्यक्तियों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया।